सुबह 5:30 बजे हुआ हादसा, शॉर्ट सर्किट की आशंका
लखनऊ, संवाददाता : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से राहत भरी खबर सामने आई है। कृष्णा नगर थाना क्षेत्र स्थित लोकबंधु राजनारायण संयुक्त चिकित्सालय परिसर के वन स्टॉप सेंटर में शुक्रवार तड़के अचानक आग लग गई। समय रहते दमकल विभाग और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे वन स्टॉप सेंटर में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों की मुस्तैदी से कुछ ही देर में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
आंशिक नुकसान
अधिकारियों ने बताया कि आग की वजह से भवन के अंदर मौजूद लकड़ी का एक खंभा और उसके ऊपर की छत का कुछ हिस्सा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है। हालांकि, अस्पताल परिसर में किसी अन्य बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। सबसे राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की कोई सूचना नहीं मिली। पुलिस प्रशासन ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और अस्पताल परिसर में सभी सामान्य गतिविधियां पुनः शुरू कर दी गई हैं। मामले की जांच जारी है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अलीगंज हादसे के बाद बढ़ी सतर्कता
गौरतलब है कि हाल ही में लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में एक इमारत में भीषण आग लगने से 15 लोगों की मौत हो गई थी। उस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे प्रदेश में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा की जा रही है। साथ ही भवन निर्माण और फायर सेफ्टी मानकों के उल्लंघन की जांच भी तेज कर दी गई है।





















