संवाददाता, अयोध्या/वाराणसी/मथुरा: उत्तर प्रदेश के तीन सबसे प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक शहरों—अयोध्या, काशी (वाराणसी) और मथुरा के प्रतिष्ठित स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। ईमेल संदेश में आठ नवंबर को सभी स्कूलों को निशाना बनाने की चेतावनी जारी की गई है। इस धमकी भरे संदेश के सामने आते ही राज्य की सुरक्षा एजेंसियां, स्थानीय पुलिस प्रशासन और आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ हैं।
तीनों जिलों की पुलिस टीमों ने संबंधित शिक्षण संस्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी है। साइबर सेल की मदद से उस आईपी एड्रेस का पता लगाया जा रहा है, जिससे धमकी भरा ईमेल संदेश भेजा गया। प्रारंभिक तौर पर एजेंसियां यह जांच रही हैं कि यह किसी अराजक तत्व की शरारत है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की टीमों ने सभी चिह्नित स्कूलों के आसपास के संवेदनशील इलाकों में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है।
अभिभावकों में चिंता, प्रशासन ने की संयम की अपील: धमकी भरा संदेश किस संगठन ने भेजा है, अभी यह पता नहीं चल सका है। उधर धमकी की खबर फैलते ही छात्र व अभिभावक दहशत में हैं। हालांकि, पुलिस और जिला प्रशासन ने आम जनता व अभिभावकों से पैनिक न करने की अपील की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी प्रमुख स्कूलों के मुख्य द्वारों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है तथा आने-जाने वाले हर संदिग्ध व्यक्ति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। धमकी देने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

















