संवाददाता, लखनऊ: फैजुल्लागंज तृतीय वार्ड स्थित भरतनगर मोहल्ले में उस वक्त राहगीरों की सांसे थम गईं जब एक नाबालिग ने गली में कार दौड़ा दी। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसकी टक्कर से नाली का भारी भरकम पत्थर सड़क पर खिसक गया।
सामने से आ रहे मोहल्ले के ही अनुराग दीक्षित ने बीच सड़क पर अपनी बाइक लगा दी तब जाकर कार रोकी गई। यह देख मोहल्ले वालों ने कार चालक को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
सड़क पर मौजूद बच्चों और बुजुर्गों ने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। इस बीच रिंकू समेत कुछ लोग चोटिल भी हो गए। अगर जरा सी भी चूक होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
बोला कार चालक कोई मरा तो नहीं
अनुराग दीक्षित ने बताया कि कार से नीचे उतरते ही कार चालक बोला कि क्यों हंगामा कर रहे हो कोई मरा तो नहीं।
मौके पर पहुंची पुलिस-
कार रुकते ही स्थानीय निवासियों ने कार को घेर लिया। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मड़ियांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार को कब्जे में ले लिया और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है। थाने में आरोपित कार चालक गिड़गिड़ाकर मोहल्ले वालों से माफी मांगने लगा, जिसपर सुलह समझौता हो गया।


















