Home » ‘किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति उसकी एकता में निहित’
संवाददाता, लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस पर हजरतगंज के जीपीओ पार्क में स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
यहां सीएम ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति उसकी एकता में निहित होती है। जातिवाद, क्षेत्रवाद और भाषावाद राष्ट्रीय एकता के लिए बड़ी चुनौती हैं। समाज को इनसे ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना होगा। यही सरदार पटेल के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ भी दिलाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रखर राष्ट्रवादी नेता और देश की एकता-अखंडता के शिल्पी थे। उन्होंने 563 से अधिक रियासतों का भारतीय गणराज्य में विलय कर अखंड भारत की नींव मजबूत की। जूनागढ़ और हैदराबाद जैसी रियासतों के भारत में विलय में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। सरदार पटेल का व्यक्तित्व और कृतित्व देश की एकता का प्रतीक है। उनकी स्मृतियों को सम्मान देने के लिए दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई है। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह, लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी समेत पार्टी के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
कश्मीर से धारा 370 खत्म कर एक भारत, श्रेष्ठ भारत का संकल्प साकार
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार पटेल और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सपनों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया। कश्मीर से धारा 370 समाप्त कर एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को साकार किया। इससे जम्मू-कश्मीर देश की मुख्यधारा से जुड़ा। अब देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान की व्यवस्था नहीं है। पूरे देश में एक संविधान और एक व्यवस्था है। योगी ने कहा कि जब समाज जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर बंटता है तो राष्ट्रीय एकता कमजोर होती है। जातिवाद, क्षेत्रवाद और भाषावाद समाज की एकजुटता को नुकसान पहुंचाते हैं। इससे बाहरी ताकतों को देश की एकता पर हमला करने का मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि जो लोग जिन्ना को अपना आदर्श मानते हैं, वे सरदार पटेल के अनुयायी नहीं हो सकते। सरदार पटेल का सच्चा अनुयायी वही है, जिसके लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि हो और जो देश की एकता, सुरक्षा और संप्रभुता के लिए प्रतिबद्ध हो।
हर जिले में मिलेगा रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सरदार पटेल के विचारों और स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने के लिए काम कर रही है। प्रदेश के प्रत्येक जिले में एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन विकसित करने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। सरकार का प्रयास है कि उत्तर प्रदेश का कोई भी युवा बेरोजगार न रहे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर देशभर में एकता की शपथ, एकता दौड़ और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
भारत की एकता और अखंडता को कमजोर करने के प्रयास
योगी ने कहा कि देश की संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर भारत की एकता और अखंडता को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे प्रयासों का सभी को मिलकर मुकाबला करना होगा। देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर भी सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि सरदार पटेल का जीवन राष्ट्र प्रथम की भावना और एकता की शक्ति का संदेश देता है। उनका जीवन हम सभी को एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को साकार करने की प्रेरणा देता है।