संवाददाता, लखनऊ: सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में शुक्रवार शाम प्रेमी और प्रेमिका के बीच जमकर कहासुनी हुई और शनिवार सुबह प्रेमिका ने अपने दोस्त को भेजकर उसे न सिर्फ पिटवाया बल्कि गोली भी मरवा दी, हालांकि पैर में गोली लगने से उसकी जान तो बच गई, लेकिन हालात गंभीर है और मेदांता में इलाज चल रहा है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक मूलरूप से जौनपुर के निवासी आदर्श सिंह वर्तमान में गोमतीनगर विस्तार में रहते हैं। आदर्श का जौनपुर निवासी एक युवती से प्रेम संबंध है। वह भी लखनऊ में ही रहती है। किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई, जिसके बाद आदर्श के दोस्त ने उसे उसके घर छोड़ दिया था। युवती ने यह बात जौनपुर के दोस्त सामर्थ यादव को बताई। रात करीब दो बजे युवती ने आदर्श को फोन किया, लेकिन फोन नहीं लगा। तब उसने आदर्श के दोस्त को फोन किया तो पता चला कि आदर्श शराब पीकर बेसुध पड़ा है। युवती ने दोस्त से कहा कि सुबह उसे कहीं जाने मत देना, सामर्थ और उसके साथी उसे ढूंढ रहे हैं। शनिवार सुबह सामर्थ ने आदर्श को फोन कर कहा कि कल क्या हुआ था, आओ फेलिक्स स्क्वायर पर मिलकर बात करते हैं। इस पर आदर्श बुलेट से वहां पहुंचा। तभी स्विफ्ट कार से चार लोग आए और दो कार से उतरकर बातचीत करने लगे। मामला बढ़ने पर आरोपितों ने आदर्श को गिराकर पीटा और पैर में गोली मारकर फरार हो गए।



















