संवाददाता, लखनऊ: कांग्रेस मुख्यालय में रविवार को प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना के कार्यभार ग्रहण के दौरान जमकर हंगामा हुआ। धक्का मुक्की हुई के साथ गालीगलौज भी हुई। नौबत यहां तक आ गई कि दो गुटों ने एक- दूसरे पर जूते तान दिए।
दरअसल निवर्तमान अध्यक्ष अजय राय आराधना मिश्रा को कार्यभार ग्रहण कराने जा रहे थे, तभी एक कार्यकर्ता भीड़ को चीरते हुए आगे बढ़ा कि हटिए अध्यक्ष जी आ रहे हैं। तभी मालवीय नगर वार्ड जोन से पार्षद ममता चौधरी ने कहा कि कौन से अध्यक्ष। आरोप है कि उन्होंने कुछ अपशब्द भी कहे। इसी बात को लेकर पहले अजय राय ने नाराजगी जताई फिर उनके पक्ष के लोग भिड़ गए। यह देख नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष सांसद इमरान मसूद और राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी उन्हें मनाकर अंदर ले आए। ममता चौधरी लखनऊ नगर निगम में कांग्रेस पार्षद दल की नेता भी हैं। वह लगातार चार बार से पार्षद हैं। आराधना मिश्रा के कार्यभार ग्रहण करने के बाद अजय राय दोबारा निकले तो ममता चौधरी व उनके साथ मौजूद महिलाएं फिर से हंगामा करने लगीं। ऐसे में अजय राय के समर्थक आक्रोशित हो गए और दोनों तरफ से धक्का मुक्की के साथ नोंकझोंक होने लगी। तभी एक कार्यकर्ता ने हाथ में जूता निकाल लिया और दूसरे पक्ष के लोगों पर तान दिया। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का कहना है कि कुछ लोग गलत परंपरा डालना चाहते थे। ऐसे में वे आगे बढ़ गए। हालांकि उनके और समर्थकों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की गई है। ऐसे लोग पार्टी के हितैषी नहीं हो सकते हैं। ऐसे लोग पार्टी की छवि को खराब कर रहे हैं।


















