संवाददाता, लखनऊ: चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार रात उस समय अफरातफरी मच गई जब पता चला कि लोकसभा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का विमान तकनीकी समस्या के चलते दस मिनट से एयरपोर्ट के ऊपर हवा में चक्कर लगा रहा है। हवा के अधिक दबाव के कारण पायलट को विमान की लैंडिंग के लिए दो बार प्रयास करना पड़ा।
पायलट को हवा के अधिक दबाव के चलते रनवे पर एप्रोच अस्थिर होने का अंदेशा हुआ। पायलट रनवे की सेंट्रल लाइन पर विमान उतारने में असमर्थ था। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए पायलट ने लैंडिंग का दोबारा प्रयास करने का फैसला किया। पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को इसकी सूचना दी। इसके बाद विमान ने लैंडिंग के लिए ”गो-अराउंड” किया। विमान को कुछ देर हवा में चक्कर काटना पड़ा। एअर इंडिया के विमान एआइ-1717 ने मंगलवार को दिल्ली से दोपहर 2:30 बजे उड़ान भरी थी।अंततः पायलट की सूझबूझ से दस मिनट देरी से दोपहर 3:55 बजे विमान सुरक्षित रूप से उतार लिया गया, लेकिन इस दौरान राहुल गांधी समेत विमान में मौजूद सब सहम गए। राहुल गांधी को लेकर दिल्ली से लखनऊ आ रहे एअर इंडिया के विमान को लैंडिंग में बाधा का सामना करना पड़ा। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर हवा के अधिक दबाव के कारण पायलट को विमान की लैंडिंग के लिए दो बार प्रयास करना पड़ा। दूसरे प्रयास में विमान की सुरक्षित लैंडिंग हो सकी।





















