लखनऊ, संवाददाता: मड़ियांव थाने से चंद कदम की दूरी पर शराब ठेके के पास दिनदहाड़े एक बुजुर्ग की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवाकांत मिश्रा के मुताबिक टेंपो चालक ने तात्कालिक विवाद में घटना को अंजाम दिया।
सीतापुर के ओनाई गांव के मूल व भरतनगर मोहल्ले लखनऊ के मौजूदा निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग मगन तिवारी पोते संकल्प तिवारी के साथ बिजली का बिल जमा करने जीएसआई पावर हाउस गए थे। रास्ते में पोते के एक्टिवा में एक कबाड़ी ने पीछे से ठेले से टक्कर मार दी। इसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि गुस्साए आरोपित ने आपा खो दिया और झड़प शुरू कर दी। इसी दौरान पोते के ऊपर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें वह घायल होकर गिर पड़ा। यह देख बुजुर्ग मगन तिवारी अपने पोते के बचाव में आए तो हमलावर ने उन पर हमला बोल दिया। आरोपी ने अपने पास रखे धारदार चाकू से मगन तिवारी के सीने और पेट पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।

हमले में गंभीर रूप से घायल मगन तिवारी लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से तुरंत फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मड़ियांव पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाने के इतने करीब हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने स्थानीय पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हत्या का मुकदमा, आरोपित की तलाश में दबिश:
मामले में पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें आरोपित भागते दिखा है।




















