लखनऊ: सीतापुर रोड के करीब बसे रहीमनगर डुडौली गांव निवासी दिव्यांग दिलीप राय का सात साल का इकलौता बेटा रूद्रा हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया, जिससे उसके दोनों हाथ काटने पड़े।
26 अक्टूबर की सुबह आठ बजे रुद्रा घर के पास छत से पतंग छुड़ाने के दौरान हाइटेंशन लाइन के चपेट में आ गया। घटना में उसके दोनों हाथ गंभीर रूप से झुलस गए। परिवारजन ने उसे केजीएमयू के सर्जरी विभाग में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों को उसके दोनों हाथ काटने पड़े। रुद्रा एक निजी विद्यालय से कक्षा एक का छात्र है। दिव्यांग पिता पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी है। क्षेत्र में हाइटेंशन लाइन लगातार लोगों की टेंशन बढ़ा रही है। घरों के अंदर और छतों से पोल वो तार निकले हैं, अंडरग्राउंड का स्टीमेट अभी भी कई जगह कागजों में सिमट कर रह गए हैं।