फुटेज मे आरोपी बच्चे को गोद में ले जाता दिखा
हापुड़, संवाददाता : उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में एक ढाई वर्षीय मासूम बच्चे के साथ बर्बरता और हैवानियत की सारी हदें पार कर दी गईं। रिश्ते को कलंकित करने वाले इस मामले में मासूम के सगे मौसा ने ही उसके साथ अमानवीय कृत्य को अंजाम दिया। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी बच्चे को गोद में ले जाता दिख रहा है।
जानकारी के मुताबिक, घटना 18 जून 2026 की दोपहर करीब 12 बजे की है। पीड़ित बच्चे के माता-पिता अपने काम के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे और बच्चा घर पर अकेला था। इसी सूनेपन का फायदा उठाकर बच्चे का सगा मौसा, नदीम, उनके घर पहुंचा। वह ढाई साल के मासूम को टॉफी दिलाने के बहाने बहला-फुसलाकर अपने साथ एक सुनसान जगह पर ले गया।
दागा चेहरा, दी जान से मारने की धमकी
सुनसान इलाके में ले जाकर आरोपी मौसा नदीम ने मासूम के साथ गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। इतने से भी जब उसका दिल नहीं भरा, तो उसने जलती हुई बीड़ी से मासूम के होंठ और चेहरे को बुरी तरह दाग दिया। इस बर्बरता के बाद आरोपी ने बच्चे को डराया-धमकाया और कहा कि अगर उसने किसी को भी उसका नाम बताया तो वह उसे जान से मार डालेगा। वारदात के बाद का एक और सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें आरोपी नदीम पीड़ित बच्चे को एक ई-रिक्शा में बैठाकर ले जाता हुआ साफ नजर आ रहा है।
माता-पिता के लौटेते ही खुला राज
शाम को जब बच्चे के माता-पिता काम से वापस घर लौटे, तो बच्चे के चेहरे पर जख्म और उसकी हालत देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। डरे-सहमे मासूम ने रोते हुए अपने माता-पिता को मौसा नदीम की इस खौफनाक करतूत की सच्चाई बताई। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिजनों ने तुरंत स्थानीय पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई। थाना हापुड़ देहात पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की है और आरोपी मौसा नदीम के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगा दी गई हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है और जल्द ही आरोपी नदीम को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।





















