फ्लैट में भारी नुकसान होने की आशंका
नोएडा। सेक्टर-119 स्थित अरण्या सोसायटी में सोमवार को एक फ्लैट में लगे एयर कंडीशनर (एसी) में अचानक विस्फोट होने के बाद भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे सोसायटी में अफरा-तफरी मच गई।
आग की ऊंची लपटों और घने काले धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
यह घटना सेक्टर-113 थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली अरण्या सोसायटी में हुई। दमकल कर्मियों ने तेजी से मोर्चा संभालते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया, ताकि आग अन्य फ्लैटों तक न फैल सके। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, फ्लैट में भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और दमकल विभाग पूरे मामले की पड़ताल में जुटा है।























