बस्ती में शादी से पहले हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा
बस्ती, संवाददाता: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में प्यार, धोखे और साजिश का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। प्रेमिका से पीछा छुड़ाने के लिए एक युवक ने अपनी मौत की झूठी कहानी रच डाली। परिजनों के साथ मिलकर उसने सड़क हादसे में मौत की अफवाह फैलाई, जबकि वह दूसरी युवती से शादी करने के लिए सेहरा बांधकर मंडप में बैठा था।
जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक का गांव की ही एक युवती से लंबे समय से प्रेम संबंध था। प्रेमिका लगातार उस पर शादी का दबाव बना रही थी। इससे बचने के लिए युवक ने परिजनों के साथ मिलकर यह झूठ फैलाया कि अंबेडकरनगर में सड़क दुर्घटना में उसकी मौत हो गई है। मौत की खबर मिलने के बाद प्रेमिका सदमे में डूब गई। इसी बीच उसे सूचना मिली कि युवक जीवित है और शहर के सांवरिया मैरिज हॉल में दूसरी युवती से विवाह करने जा रहा है। यह जानकारी मिलते ही वह सीधे कोतवाली पहुंची और पुलिस से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तत्काल प्रेमिका के साथ मैरिज हॉल पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में युवक की कथित साजिश का खुलासा होते ही विवाह समारोह में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलने पर दुल्हन पक्ष ने भी शादी से इनकार कर दिया। वधू पक्ष का आरोप है कि शादी की तैयारियों पर करीब पांच लाख रुपये खर्च किए गए थे, जिसकी भरपाई की मांग की गई। सहमति न बनने पर युवती के पिता की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। वहीं, प्रेमिका की ओर से भी पुलिस को शिकायत दी गई है। पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता के पिता का आरोप है कि युवक ने उनकी बेटी से शादी का वादा किया था और साजिश के तहत अपनी मौत की झूठी सूचना भिजवाई। सदर सर्किल के डीएसपी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। वधू पक्ष और प्रेमिका, दोनों की शिकायतों के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपी युवक और उसके कुछ परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






















