यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने और प्रकृति की रक्षा करने का किया आह्वान
नई दिल्ली, संवाददाता : पवित्र अमरनाथ यात्रा की शुरुआत हो चुकी है। लगातार बारिश के बीच बालटाल और पहलगाम बेस कैंप से श्रद्धालुओं का पहला जत्था बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना हो गया। पहले दिन 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने यात्रा शुरू की। बालटाल मार्ग से जाने वाले श्रद्धालु आज शाम तक दर्शन कर सकेंगे, जबकि पहलगाम मार्ग से जाने वाले श्रद्धालु कल दोपहर बाद पवित्र गुफा पहुंचेंगे। इस वर्ष अमरनाथ यात्रा 28 अगस्त तक चलेगी।
यात्रा के शुभारंभ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रद्धालुओं के नाम एक विशेष संदेश जारी करते हुए सभी शिवभक्तों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अमरनाथ यात्रा भारत की सनातन आध्यात्मिक परंपरा, सांस्कृतिक एकता और सेवा भावना का जीवंत प्रतीक है, जिसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु हर वर्ष शामिल होते हैं। प्रधानमंत्री ने यात्रा के सफल संचालन के लिए श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड, जम्मू-कश्मीर प्रशासन, भारतीय सेना, सीआरपीएफ, जम्मू-कश्मीर पुलिस, आईटीबीपी, बीएसएफ, एनडीआरएफ, स्वास्थ्यकर्मियों, सफाई मित्रों और सभी स्वयंसेवकों के योगदान की सराहना की। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के लोगों के आतिथ्य और सेवा भाव की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि स्थानीय नागरिक और देशभर से आए स्वयंसेवक श्रद्धालुओं की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पीएम के पाँच संकल्प
प्रधानमंत्री ने अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं से पांच संकल्प लेने की अपील की—
- स्वच्छता का संकल्प: यात्रा मार्ग पर स्वच्छता बनाए रखें और सफाई के नियमों का पालन करें।
- सुरक्षा का संकल्प: प्रशासन के निर्देशों, यातायात नियमों और सुरक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा बारिश, फिसलन और ठंड से सावधानी बरतें।
- ‘वोकल फॉर लोकल’ का संकल्प: यात्रा के कुल खर्च का कम से कम 10 प्रतिशत स्थानीय उत्पादों की खरीद पर खर्च करें, जिससे जम्मू-कश्मीर के परिवारों और युवाओं को आर्थिक लाभ मिले।
- पर्यावरण संरक्षण का संकल्प: यात्रा के समापन दिवस रक्षाबंधन पर अपने भाई या बहन को एक पौधा भेंट करें और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को आगे बढ़ाएं।
- ‘राष्ट्र प्रथम’ का संकल्प: पूरे वर्ष अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करें और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान दें।
अपने संदेश के अंत में प्रधानमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित, मंगलमय और सफल यात्रा की कामना करते हुए कहा कि बाबा बर्फानी की कृपा सभी पर बनी रहे और यह यात्रा देश की आस्था, सांस्कृतिक एकता तथा सेवा की भावना का भव्य उत्सव बने।
























