हादसे के बाद मौके पर चलाया गया राहत और बचाव अभियान
श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में सोनमर्ग सुरंग के पास केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ ) का एक वाहन सड़क से फिसलकर पलट गया। हादसे में छह जवान घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद आगे के इलाज के लिए सीआरपीएफ के गुंड कैंप ले जाया गया। फिलहाल सभी जवानों की हालत स्थिर बताई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, यह दुर्घटना श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस समय हुई, जब सीआरपीएफ का वाहन नियमित ड्यूटी पर था। दुर्घटना के बाद राहत एवं बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा और घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
अभियानों में सीआरपीएफ ने बनाया नया रिकॉर्ड
दूसरी ओर, सीआरपीएफ ने वर्ष 2026 की पहली छमाही में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। बल के महानिदेशक जी.पी. सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि 1 जनवरी से 30 जून 2026 के बीच चलाए गए अभियानों में किसी भी जवान की शहादत नहीं हुई, जो कई दशकों में पहली बार हुआ है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि ऐसे समय में मिली है, जब देश के विभिन्न हिस्सों में सीआरपीएफ लगातार आतंकवाद और नक्सलवाद विरोधी अभियान चला रही है। महानिदेशक जी.पी. सिंह के अनुसार, नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में मिली सफलता के चलते यह लगातार नौवां महीना है, जब अभियान के दौरान सीआरपीएफ को किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। उन्होंने इसे बल के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
देशभर में सुरक्षा की बड़ी जिम्मेदारी
करीब 3.25 लाख जवानों वाली सीआरपीएफ देश की सबसे बड़ी अर्धसैनिक बलों में से एक है। बल जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियान, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में ऑपरेशन तथा पूर्वोत्तर राज्यों में उग्रवाद विरोधी अभियानों सहित आंतरिक सुरक्षा की कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहा है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, स्थापना के बाद से अब तक 2,270 से अधिक अधिकारी और जवान ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान दे चुके हैं। ऐसे में वर्ष 2026 की पहली छमाही में अभियान के दौरान किसी भी जवान की शहादत न होना सीआरपीएफ के लिए एक उल्लेखनीय उपलब्धि माना जा रहा है।
























