धुआं उठता देख पहुंचे ग्रामीण, पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच
कुशीनगर,संवाददाता : उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के तरयासुजान थाना क्षेत्र स्थित बेदुपार मुस्तकील गांव में शनिवार को एक महिला का संदिग्ध परिस्थितियों में जला हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान गांव के ग्राम प्रधान अवनीश कुशवाहा की पत्नी मंजू देवी (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10 बजे ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के घर से धुआं उठता देखा। मौके पर पहुंचने पर घर के शौचालय में मंजू देवी का अधजला शव मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने दावा किया कि मंजू देवी ने आत्महत्या की है। हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं बताई जा सकी है। घटना की सूचना मिलने पर मृतका के भाई राजन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौत पर संदेह जताते हुए तरयासुजान थाने में तहरीर दी और मामले की निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
तरयासुजान थाना प्रभारी निरीक्षक नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चलेगा, जिसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
























