कैमरों में दिखे आतंकी, इलाके में बड़े स्तर पर तलाशी अभियान जारी
श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के दो स्थानीय आतंकवादियों की तलाश में सुरक्षाबलों का अभियान सोमवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। अधिकारियों के अनुसार, दोनों आतंकवादियों के एक घने सेब के बाग में छिपे होने की आशंका है। पूरे इलाके की घेराबंदी कर व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को मीमंदर क्षेत्र के एक बाग में लगे निगरानी कैमरों में दोनों संदिग्ध आतंकवादी दिखाई दिए थे। इसके बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की संयुक्त टीम ने इलाके में बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया। सुरक्षा के मद्देनज़र रविवार शाम तक चार गांवों को खाली करा लिया गया।
मुठभेड़ के दौरान आतंकियों ने की फायरिंग
सुरक्षाबलों के मुताबिक, तलाशी के दौरान जैसे ही जवान आगे बढ़े, छिपे आतंकवादियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और आतंकियों की तलाश की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, दोनों आतंकवादियों की पहचान लतीफ और जाकिर के रूप में हुई है। दोनों दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के निवासी हैं। रिकॉर्ड के मुताबिक, जाकिर वर्ष 2024 से कथित तौर पर लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा हुआ है, जबकि लतीफ पिछले वर्ष इस संगठन में शामिल हुआ था।
रणनीतिक रूप से अहम है शोपियां
अधिकारियों ने बताया कि शोपियां जिला दक्षिण कश्मीर को मध्य कश्मीर और पीर पंजाल रेंज से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मार्ग माना जाता है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि विदेशी आतंकवादियों के बढ़ते इस्तेमाल के बीच स्थानीय आतंकियों के नेटवर्क को खत्म करना बेहद जरूरी है। इससे आतंकी संगठनों की रसद व्यवस्था कमजोर होगी और स्थानीय युवाओं की भर्ती पर भी प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक दोनों आतंकवादियों का पता नहीं चल जाता।
























