मकान मालिक के दरवाजा खोलने से पहले की हरकत
सीतापुर, संवाददाता : अगर आप भी दूधिए से खुला दूध लेते हैं, तो सीतापुर से सामने आई यह घटना आपको सतर्क करने वाली है। जिले का एक बेहद हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक दूधिया घर के मालिक को दूध देने से ठीक पहले डिब्बे के अंदर थूकता हुआ नजर आ रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी दूधिए को गिरफ्तार कर उसका शांतिभंग में चालान कर दिया है।
मामला सीतापुर जिले के नैपालपुर इलाके का है। आरोपी दूधिए की पहचान इमलिया सुल्तानपुर निवासी आरिफ के रूप में हुई है। वह रविवार को रोजाना की तरह नैपालपुर में एक घर में दूध देने गया था। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरिफ मकान मालिक के दरवाजा खोलने का इंतजार कर रहा है। इसी बीच वह अचानक दूध के डिब्बे का ढक्कन खोलता है और उसमें एक के बाद एक करीब चार बार थूकता है।
मोहल्ले के ही एक सजग युवक ने दूर से इस पूरी घिनौनी हरकत का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी आरिफ ने अपनी इस हरकत पर बेहद अजीब बहाना बनाया। उसने दावा किया कि वह दूध में थूक नहीं रहा था, बल्कि सिर्फ यह ‘चेक’ कर रहा था कि दूध सही है या फट गया है, और इसके लिए वह डिब्बे को सूंघ रहा था। हालांकि, वीडियो साक्ष्य के सामने पुलिस ने उसकी दलील को खारिज कर दिया।
हिंदू शेर सेना ने जाल बिछाकर पकड़ा
मिली जानकारी के मुताबिक, ‘हिंदू शेर सेना’ संगठन को पिछले काफी समय से इलाके में दूध में थूककर सप्लाई किए जाने की गुप्त सूचनाएं मिल रही थीं। इसके बाद संगठन के पदाधिकारियों ने आरोपी को रंगेहाथों पकड़ने का एक फुलप्रूफ प्लान तैयार किया और सही मौके का इंतजार करने लगे। रविवार को जैसे ही आरिफ ने दोबारा वही हरकत दोहराई, संगठन के सदस्यों ने उसे धर दबोचा और वीडियो साक्ष्य के साथ पुलिस के हवाले कर दिया।
लगातार सामने आ रहे मामलों से जनता में आक्रोश
इससे पहले भी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, नोएडा और अन्य कई जिलों से ढाबों और होटलों में ‘रोटी पर थूकने’ के कई हैरान करने वाले वीडियो सामने आ चुके हैं। अब रोटी के बाद पवित्र माने जाने वाले दूध में थूकने की इस घटना ने आम जनता के बीच सुरक्षा और शुद्धता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है और सोशल मीडिया पर लोग बाहर से आने वाले खाने-पीने के सामानों की गारंटी पर चिंता जता रहे हैं।























