निष्पक्ष जांच की मांग, राजनीतिक सरगर्मी तेज
संवाददाता, सुल्तानपुर : नगर कोतवाली की शाहगंज पुलिस चौकी में भाजपा नेत्री द्वारा एक व्यक्ति को कथित तौर पर थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिले की राजनीति गरमा गई है। मामले को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार और कानून-व्यवस्था पर तीखा हमला बोला है।
पुलिस की मौजूदगी पर उठे सवाल: कांग्रेस
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा: “यदि पुलिस चौकी के भीतर, पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में किसी आम व्यक्ति के साथ मारपीट होती है और पुलिस मूकदर्शक बनी रहती है, तो यह सूबे में कानून के राज पर गंभीर सवाल खड़े करता है। सत्ता से जुड़े लोगों के लिए कानून का दोहरा मापदंड अपनाया जा रहा है।” राणा ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर तुरंत कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी। वहीं, शहर अध्यक्ष शकील अंसारी ने कहा कि पुलिस चौकी न्याय दिलाने का स्थान है, न कि किसी को सरेआम अपमानित करने का मंच।
कांग्रेस जिला महासचिव ममनून आलम ने भी वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस घटना के बाद से जिले के सियासी गलियारों में बयानबाजी का दौर तेज हो गया है।
मुकदमा दर्ज, चौकी इंचार्ज पर भी जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी हरकत में आ गया है। इस संबंध में सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह ने बताया: पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के वक्त चौकी इंचार्ज की मौजूदगी और उनकी भूमिका को लेकर भी विभागीय जांच कराई जा रही है।
























