लखनऊ, संवाददाता: स्वतंत्रता दिवस के ठीक एक दिन पहले उत्तर प्रदेश में एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड (यूपी एटीएस) की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। एटीएस की टीम ने हापुड़ के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव स्थित एक मस्जिद से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। दोनों को एटीएस की टीम आगे की पूछताछ के लिए मेरठ साथ लेकर गई है।
एटीएस के मुताबिक, यह कार्रवाई खुफिया विभाग से मिले इनपुट के आधार पर की गई है। दोनों संदिग्ध अपनी बाइक को मस्जिद के बाहर खड़ी कर अंदर दाखिल हुए थे, जिसके कुछ ही देर बाद एटीएस की टीम वहां पहुंच गई और दोनों को अपनी गिरफ्त में ले लिया। इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन और खुफिया इकाइयों में हड़कंप मच गया है।
सिर्फ इसी मस्जिद में नहीं था सीसी टीवी कैमरा
शेरपुर गांव की मस्जिद से संदिग्धों को उठाया गया है, वहां सीसीटीवी कैमरा ही नहीं लगा था। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गांव की अन्य मस्जिदों में कैमरे लगे हुए हैं, लेकिन इस विशेष मस्जिद में कैमरे का न होना और प्रबंधन समिति के बयानों में विरोधाभास सुरक्षा एजेंसियों के संदेह को और अधिक बढ़ा रहा है। एजेंसियों का मानना है कि ये युवक पहले भी इस मस्जिद में आते-जाते रहे होंगे, जिसकी गहराई से छानबीन की जा रही है।
चल रही है पूछताछ
एटीएस की टीम दोनों संदिग्धों को कड़ी सुरक्षा के बीच मेरठ ले गई है, जहां गुप्त ठिकाने पर उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि इन संदिग्धों का उद्देश्य क्या था और क्या वे किसी बड़े षड्यंत्र का हिस्सा तो नहीं हैं। स्वतंत्रता दिवस के पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है।





















