संवाददाता, लखनऊ: प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने हजारों राशन दुकानदारों को बड़ी राहत दी है। अब उनके लाभांश (कमीशन) में भारी बढ़ोतरी की गई है। लोक भवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने कोटेदारों का कमीशन प्रति क्विंटल 90 रुपये से बढ़ाकर 125 कर दिया है। इस फैसले से प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं को सीधा वित्तीय लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने पुरानी सरकारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “2017 से पहले लोग आपको शक की निगाह से देखते थे। पाप कोई और करता था, लेकिन भुक्तभोगी आप बनते थे। लूट उनकी होती थी, और गाली आप खाते थे।” उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के भ्रष्ट आचरण और नीयत में खोट के कारण ईमानदार दुकानदारों को भी बेवजह बदनाम होना पड़ता था। सरकार की इस नई पहल के तहत अब राशन की दुकानों को ‘अन्नपूर्णा भवन’ के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां दुकान के साथ गोदाम की भी सुविधा होगी और विक्रेता अब खाद्यान्न के साथ-साथ 39 अन्य प्रकार के आइटम भी बेच सकेंगे। इसके अलावा, वितरण प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए ई-पॉस आधारित फीडबैक प्रणाली का भी शुभारंभ किया गया है। सरकार के इस कदम से राशन विक्रेताओं में भारी हर्ष व्याप्त है तथा उनकी आय में भी वृद्धि होगी।




















