संवाददाता, आंबेडकरनगर: उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय में तैनात वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की बुजुर्ग मां की हत्या और घर में रखे कीमती जेवरात की लूट के मामले में एसपी प्राची सिंह ने लूट के जेवरात बरामदगी की बात को खारिज किया। साथ ही बताया मीडिया में गलत खबरें चल रही हैं। उधर पीड़ित परिवार की नाराजगी के बाद बुधवार को एडीजी जोन लखनऊ प्रवीण कुमार भी मौके पर पहुंचे और जल्द वारदात के राजफाश का दावा किया।
पुलिस को फिलहाल कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस महकमा मामले के जल्द से जल्द खुलासे के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहा है। जांच की कमान संभालते हुए पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए चार विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो विभिन्न बिंदुओं पर सघन जांच कर रही हैं।
हत्या और लूट की इस वारदात के पीछे किसी करीबी या जानकार का हाथ होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इसी आधार पर गठित टीमें आईपीएस अधिकारी के रिश्तेदारों, घर पर काम करने वाले नौकरों, और गांव के संदिग्ध लोगों से लगातार पूछताछ कर रही हैं। इसके अलावा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और सर्विलांस टीम की मदद से संदिग्ध मोबाइल नंबरों की लोकेशन भी ट्रैक की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने भी मौके से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है ताकि अपराधियों तक जल्द से जल्द पहुंचकर इस वारदात का पर्दाफाश किया जा सके।





















