संवाददाता, लखनऊ: बैंक एटीएम की सुरक्षा की पोल खोलते हुए बदमाशों ने बिना नंबर की कार से मोहनलालगंज पहुंचकर वहां के एक एटीएम में धावा बोला। गुरुवार देर रात मौरावां रोड स्थित इंडिया फर्स्ट एटीएम में लूट का प्रयास किया। सफलता न मिलने पर एटीएम की स्क्रीन और ट्राली उखाड़कर ले गए। आवाज सुनकर आसपास के लोगों को घटना की भनक लगी और उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस के पहुंचते ही बदमाश कार से भाग निकले। पुलिस ने पीछा कर एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक बदमाशों ने एटीएम को काटकर अंदर रखा कैश निकालने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा कर एक बदमाश को पकड़ लिया, उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। एटीएम में कैश गया है या नहीं, इसकी पुष्टि बैंक कर्मचारियों के आने के बाद ही हो सकेगी।
अधिकांश एटीएम में नहीं है सुरक्षा गार्ड: राजधानी के अधिकांश एटीएम में सुरक्षा गार्ड न होने से बैंकों ने खुलेआम बदमाशों को दावत दे रखी है। इसके अतिरिक्त रात में पुलिस की गश्त को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि सूचना पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया तभी एक बदमाश पकड़ा गया।




















