संवाददाता, लखनऊ: प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमतीनगर में गुरुवार दोपहर सनसनीखेज वारदात सामने आई। आईंसीआईसीआई बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर दिव्या मिश्रा (33) की पति मानस बाजपेयी ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतका दिव्या मशहूर पत्रकार और यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं।
पुलिस के अनुसार, मानस बाजपेयी गुरुवार दोपहर कार से गोमतीनगर स्थित बैंक के बाहर पहुंचा और फोन करके दिव्या को बाहर बुलाया। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई, जिसके बाद आरोपी ने अचानक दिव्या पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गंभीर रूप से घायल दिव्या को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तलाक का चल रहा था मुकदमा, अलग रह रही थी
पुलिस और परिजनों के मुताबिक, दिव्या और मानस की शादी करीब 12 साल पहले हुई थी, लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों के बीच आपसी विवाद चल रहा था। विवाद के चलते दिव्या ने एक साल पहले पति से तलाक के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल की थी और वह अलग आलमबाग क्षेत्र में रह रही थीं।
व्हाट्सएप स्टेटस लगाया और बहन की हत्या के बाद की आत्महत्या
पत्नी को गोली मारने के बाद आरोपी मानस ऑटो से फरार होकर हुसड़िया चौराहे के पास अपने किराए के कमरे पर पहुंचा। वहां उसने अपने मोबाइल पर व्हाट्सएप स्टेटस लगाया कि उसने पत्नी को धोखा देने के आरोप में मार डाला है और अब वह अपनी बहन व खुद की भी जान ले रहा है। इसके बाद उसने पहले से मानसिक रूप से बीमार चल रही अपनी बहन शीबा की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद की कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस आयुक्त ने मौके पर पहुंचकर हथियार बरामद किया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा समेत तमाम आला अधिकारी और फॉरेसिंक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार बरामद कर लिए हैं और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।




















