राष्ट्रपति ने की एकता की अपील
काराकास : वेनेज़ुएला में आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने व्यापक तबाही मचा दी है। देश की कार्यवाहक राष्ट्रपति ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए देशभर में आपातकाल की घोषणा कर दी है। भूकंप के बाद लगातार आ रहे झटकों और बड़े पैमाने पर हुए नुकसान के बीच राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं।
सरकार के अनुसार, राजधानी काराकास समेत कई इलाकों में इमारतों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। वेनेज़ुएला का प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भी बुनियादी ढांचे को हुए भारी नुकसान के कारण बंद कर दिया गया है। राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में डेल्सी रोड्रिगेज़ ने आपदा में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और नागरिकों से एकजुट होकर इस संकट का सामना करने की अपील की। हालांकि सरकार ने अभी तक मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की है।
अमेरिका समेत कई देशों ने बढ़ाया मदद का हाथ
अमेरिकी राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि अमेरिका वेनेज़ुएला की सहायता के लिए तैयार है। उन्होंने बताया कि सभी संबंधित एजेंसियों को राहत एवं बचाव सहायता के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं,नायब बुकेले ने 50 टन राहत सामग्री और 300 बचावकर्मियों को तैयार रखने की जानकारी दी है। इसके अलावा डैनियल नोबोआ और लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा ने भी सहायता भेजने की प्रतिबद्धता जताई है।
20 से अधिक आफ्टरशॉक, बढ़ी चिंता
भूकंप के बाद 20 से अधिक आफ्टरशॉक दर्ज किए गए हैं, जिससे बचाव कार्यों में कठिनाई आ रही है और ढांचागत क्षति बढ़ने की आशंका बनी हुई है। कई क्षेत्रों में बिजली, संचार और परिवहन सेवाएं प्रभावित हुई हैं। अधिकारियों ने लोगों को क्षतिग्रस्त इमारतों में वापस न जाने की सलाह दी है। स्थानीय मीडिया और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई स्थानों पर इमारतें ढह गई हैं और मलबे के नीचे फंसे लोग मदद की गुहार लगा रहे हैं। राहत दल लगातार खोज और बचाव अभियान चला रहे हैं। राजधानी काराकास सहित कई प्रभावित क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन एजेंसियां और स्वयंसेवी संगठन सक्रिय हैं।
भारी जनहानि की आशंका
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने चेतावनी दी है कि यह आपदा बड़े पैमाने पर जनहानि का कारण बन सकती है। प्रारंभिक जोखिम आकलन में मृतकों की संख्या 10,000 से 1,00,000 के बीच होने की आशंका व्यक्त की गई है, हालांकि यह अनुमान है और इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।





















