घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लिया, पहचान के प्रयास जारी
सुल्तानपुर, संवाददाता : जनपद के चांदा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे महारानी पश्चिम कोइरीपुर रेलवे लाइन पर एक अज्ञात शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही चांदा थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
प्रथम दृष्टया पुलिस को आशंका है कि व्यक्ति की मौत ट्रेन से गिरने के बाद कट जाने से हुई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा। क्षेत्राधिकारी लंभुआ ऋतिक कपूर ने बताया कि शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।






















