असरवन गांव में महिला से मारपीट का मामला
शिवगढ़/लंभुआ, संवाददाता : शिवगढ़ थाना क्षेत्र के असरवन गांव में पारिवारिक विवाद का एक मामला सामने आया है, जहां आरोप है कि एक जेठ ने अपने छोटे भाई की पत्नी को घर से निकालकर सड़क पर चप्पलों से पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।
वायरल वीडियो में महिला के साथ मारपीट किए जाने का दावा किया जा रहा है। घटना ने पारिवारिक रिश्तों की मर्यादा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। मामले को लेकर क्षेत्राधिकारी लंभुआ ऋतिक कपूर ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़िता की ओर से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।























