अब तक यूपी के किसानों को मिले 99 हजार करोड़ से अधिक
लखनऊ, संवाददाता : केंद्र की मोदी और राज्य की योगी सरकार अन्नदाता किसानों की समृद्धि और उनकी आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। डबल इंजन की सरकार खेत के विकास से लेकर किसानों के सम्मान की रक्षा तक हर स्तर पर कार्य कर रही है। इसी क्रम में आज, शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल से देश के किसानों के खाते में ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’ की 23वीं किस्त डिजिटल माध्यम से हस्तांतरित करेंगे।
इस योजना के तहत उत्तर प्रदेश के 2.17 करोड़ से अधिक किसान सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे। किसानों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से कुल 4352.40 करोड़ रुपये की धनराशि सीधे भेजी जाएगी।
उत्तर प्रदेश के किसानों के खातों में पीएम किसान सम्मान निधि के अंतर्गत अब तक (22वीं किस्त तक) कुल 99,032.58 करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं। इस कल्याणकारी योजना के तहत प्रत्येक पात्र किसान परिवार के एक सदस्य को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, जो चार-चार महीने के अंतराल पर तीन समान किस्तों में प्रदान की जाती है। गौरतलब है कि इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मार्च 2026 में असम से इस सम्मान निधि का लाभ किसानों को हस्तांतरित किया था। इस ऐतिहासिक योजना की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 फरवरी 2019 को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से की थी।
किसानों के बीच मौजूद रहेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
प्रधानमंत्री के इस केंद्रीय कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को झांसी में किसानों के बीच उपस्थित रहेंगे। वे रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और वहीं से इस 23वीं किस्त वितरण कार्यक्रम से जुड़ेंगे। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज झांसी से ही ‘यूपीएग्रीज परियोजना’ के खरीफ संस्करण का भी भव्य शुभारंभ करेंगे, जो राज्य के कृषि क्षेत्र और खरीफ फसलों के उत्पादन को नई दिशा प्रदान करेगी।





















