भूमि विवाद में से किया गया वार; आरोपी गिरफ्तार
पटना/गोपालगंज, संवाददाता : बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के परिवार से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। बिहार के गोपालगंज जिले में स्थित उनके पैतृक गांव बेलसंड में जमीन विवाद को लेकर उनके भाई पर कथित रूप से कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया गया। इस हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पैतृक गांव में हुई घटना
पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार देर शाम गोपालगंज जिले के बरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलसंड गांव में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जमीन संबंधी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। बिहार के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) सुधांशु कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित पर गांव में चल रहे भूमि विवाद के दौरान हमला किया गया है।
आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। घायल बिजेंद्र नाथ तिवारी को घटना के तुरंत बाद गोपालगंज के एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए पटना रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज पटना के एक अस्पताल में जारी है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और घटना के पीछे की परिस्थितियों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





















