पीजीआई के चर्चित बिल्डर हत्याकांड का मुख्य शूटर था संजय
लखनऊ, संवाददाता : उत्तर प्रदेश की लखनऊ पुलिस को शनिवार को बड़ी सफलता मिली। जनपद के इंदिरा कैनाल रोड पर पुलिस और एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी संजय उर्फ संजीव के बीच हुई मुठभेड़ में वह पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया। उसे तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 27 जून 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम अपराधियों की तलाश में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान इंदिरा कैनाल रोड पर पुलिस का सामना संजय उर्फ संजीव से हो गया। खुद को घिरा देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चली गोली उसे लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक संजय उर्फ संजीव (पुत्र हरीराम) मूल रूप से जनपद अम्बेडकरनगर के थाना अहिरौली क्षेत्र के ग्राम चक कोदार का निवासी था। वह 27 मई 2026 को लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में हुए चर्चित बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड का मुख्य शूटर बताया गया है। इस मामले में उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस आयुक्त, लखनऊ द्वारा एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, संजय उर्फ संजीव हत्या, रंगदारी और अन्य संगीन अपराधों में वांछित था। उस पर अम्बेडकरनगर, बस्ती और अयोध्या जनपदों में हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। पुलिस का दावा है कि वह कुख्यात अपराधी दिलीप वर्मा तथा खान मुबारक गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुका था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।























