राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी से करेंगे द्विपक्षीय वार्ता
नई दिल्ली, संवाददाता : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार से तीन दिवसीय सेशेल्स दौरे पर रहेंगे। वह सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह यात्रा सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के निमंत्रण पर हो रही है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे। दोनों नेता क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। प्रधानमंत्री सेशेल्स की राष्ट्रीय सभा को संबोधित करेंगे और भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी मुलाकात करेंगे।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और सेशेल्स के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और जन-जन के मजबूत संबंध हैं। हिंद महासागर क्षेत्र में सेशेल्स भारत का महत्वपूर्ण समुद्री साझेदार है और ‘महासागर’ (क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र उन्नति) दृष्टिकोण तथा वैश्विक दक्षिण के प्रति भारत की प्रतिबद्धता में उसकी अहम भूमिका है। मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री की यह यात्रा दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक मित्रता को और मजबूत करेगी तथा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को नई गति देगी। इससे पहले अप्रैल में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मॉरीशस में आयोजित नौवें हिंद महासागर सम्मेलन के दौरान सेशेल्स के विदेश मंत्री बैरी फॉरे से मुलाकात की थी। इस दौरान भारत ने सेशेल्स की आर्थिक चुनौतियों से निपटने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया था।
उभरते क्षेत्रों में बढ़ेगा सहयोग
सेशेल्स में भारत के उच्चायुक्त रोहित रातीश ने भारत-सेशेल्स संबंधों को “गतिशील और उत्कृष्ट” बताते हुए कहा कि दोनों देश कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), साइबर सुरक्षा, साइबरस्पेस, समुद्री विज्ञान, समुद्री संरक्षण और ब्लू इकोनॉमी जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के इच्छुक हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर होने और विभिन्न क्षेत्रों में नई परियोजनाओं तथा सहयोग संबंधी घोषणाओं की उम्मीद है।






















