29 से बदलेगा मौसम का मिजाज
लखनऊ, संवाददाता : उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप फिलहाल जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 28 जून तक लू का असर बना रहेगा, जबकि 29 जून से तापमान में 8 से 9 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। 30 जून से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में व्यापक बारिश का दौर शुरू हो सकता है। साथ ही दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले तीन-चार दिनों में उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो गई हैं।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में फिलहाल प्रभावी मौसमी गतिविधियों का अभाव है, जिसके कारण लू का दौर जारी है। हालांकि 29 जून से मौसम में बदलाव शुरू होगा और मानसून के सक्रिय होते ही वर्षा में तेजी आएगी।
कई जिलों में लू और तीव्र लू का असर
शुक्रवार को लखनऊ, बांदा, गाजीपुर, बलिया, सुल्तानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, सोनभद्र, अलीगढ़, बरेली, शाहजहांपुर और फर्रुखाबाद में लू का प्रभाव रहा। वहीं लखीमपुर खीरी, बाराबंकी और बहराइच तीव्र लू की चपेट में रहे।अधिकतम तापमान के मामले में हरियाणा का रोहतक 43.4 डिग्री सेल्सियस के साथ देश में सबसे गर्म रहा, जबकि उत्तर प्रदेश का लखीमपुर खीरी 43.2 डिग्री सेल्सियस के साथ दूसरे स्थान पर रहा। बांदा और आगरा में 43 डिग्री, लखनऊ में 42.4 डिग्री तथा फतेहगढ़, अलीगढ़ और कानपुर में 42.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
लखनऊ देश का पांचवां सबसे गर्म शहर
राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 6.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री अधिक रहा। दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल रखा, जिससे लखनऊ देश के सबसे गर्म शहरों में पांचवें स्थान पर रहा।मौसम विभाग ने लोगों से दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने तथा बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। विभाग का कहना है कि 29 जून से मौसम में राहत मिलने लगेगी और 30 जून से प्रदेश में बारिश का सिलसिला शुरू होने की संभावना है।





















