आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
लखनऊ, संवाददाता : टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर उनकी और कथित गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा की एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर सामने आने के बाद फैंस के बीच दोनों की शादी को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीर में माहिका शर्मा की मांग में सिंदूर और माथे पर लाल बिंदी दिखाई दे रही है, जबकि हार्दिक पांड्या के माथे पर भी तिलक नजर आ रहा है। तस्वीर में एक बुजुर्ग महिला भी मौजूद हैं, जिन्हें सोशल मीडिया पोस्टों में माहिका की मां बताया जा रहा है। इसी तस्वीर के आधार पर कुछ सोशल मीडिया यूजर्स यह दावा कर रहे हैं कि दोनों ने निजी समारोह में शादी कर ली है। हालांकि, हार्दिक पांड्या या माहिका शर्मा की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
रिश्ते को लेकर पहले भी रही चर्चा
मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया चर्चाओं के अनुसार, हार्दिक पांड्या का नाम पिछले कुछ समय से माहिका शर्मा के साथ जोड़ा जा रहा है। हालांकि, दोनों ने अपने रिश्ते को लेकर सार्वजनिक रूप से कोई पुष्टि नहीं की है। हार्दिक पांड्या की शादी नताशा स्टेनकोविक से हुई थी। दोनों का एक बेटा अगस्त्य है। साल 2024 में दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने की घोषणा की थी।
आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
वायरल तस्वीर के बाद सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर जारी है। जहां कुछ लोग दोनों को बधाई दे रहे हैं, वहीं कई यूजर्स का कहना है कि आधिकारिक पुष्टि के बिना शादी को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। फिलहाल हार्दिक पांड्या और माहिका शर्मा की ओर से इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।






















