न्यायालय के आदेश पर ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में कार्रवाई
लखनऊ,संवाददाता : नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने सोमवार को ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत बड़ी कार्रवाई की। न्यायालय और सक्षम प्राधिकारी के आदेश पर जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में 344.8738 किलोग्राम जब्त मादक पदार्थों का अधिकृत इन्सिनरेटर में सुरक्षित निस्तारण किया गया। इन मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.18 करोड़ रुपये बताई गई है।
एडीसीपी क्राइम एवं ऑपरेशन दहन की नोडल अधिकारी किरन यादव ने बताया कि पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए जब्त ड्रग्स को नष्ट किया गया, ताकि उनका दोबारा अवैध उपयोग या तस्करी न हो सके। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 319.650 किलोग्राम पोस्ता, 23.400 किलोग्राम गांजा, 1.1368 किलोग्राम हेरोइन/मार्फीन, 87 ग्राम डायजेपाम और 300 ग्राम चरस शामिल हैं। इनमें हेरोइन/मार्फीन की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 1.13 करोड़ रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई के दौरान ड्रग डिस्पोजल कमेटी के सदस्य, फोरेंसिक टीम और संबंधित थानों के प्रभारी मौजूद रहे। लखनऊ पुलिस ने नागरिकों से मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त, तस्करी या अवैध भंडारण की सूचना ऑर्गेनाइज्ड क्राइम एवं नारकोटिक्स हेल्पलाइन 7839861034 पर देने की अपील की है। पुलिस ने सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने का भरोसा दिया है।























