पहले बताया हादसा, पूछताछ में कबूला गुनाह
फतेहपुर,संवाददाता : उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में पति की शराब की लत से परेशान एक महिला ने कथित तौर पर उसे पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद महिला ने पुलिस को गुमराह करने के लिए दावा किया कि पति नशे की हालत में बीड़ी पीते समय आग की चपेट में आ गया था। हालांकि पुलिस की गहन जांच और पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा हो गया। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
मालवा थाना क्षेत्र के असवार तारापुर गांव निवासी अवधेश कुमार उर्फ पवन की 27 जून को संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलसने के बाद मौत हो गई थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की। मृतक की पत्नी प्रीति उर्फ विनीता ने पुलिस को बताया था कि उसका पति शराब के नशे में घर आया और बीड़ी पीते हुए खाट पर लेट गया। वह बैंक से पैसे निकालने चली गई थी और लौटने पर घर में आग लगी मिली।
मृतक के भाई राजकुमार ने महिला पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। इसके बाद पुलिस ने मामले की दोबारा जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान महिला ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने पति पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी और फिर घर से बाहर निकल गई। कुछ देर बाद वह वापस आई और शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया, ताकि घटना को हादसा साबित किया जा सके।
पूछताछ में महिला ने बताया कि उसका पति शराब का आदी था, कोई काम नहीं करता था और आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। वह घर का सामान और बर्तन बेचकर शराब पी जाता था तथा मजदूरी से कमाए पैसे भी छीन लेता था। ग्रामीणों के अनुसार, दंपती की शादी करीब 12 वर्ष पहले हुई थी और उनकी कोई संतान नहीं थी। अवधेश की शराब की लत और घरेलू विवाद गांव में चर्चा का विषय थे। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि जांच के दौरान महिला के बयान में उस समय संदेह पैदा हुआ, जब उसने बैंक से पैसे निकालने जाने की बात कही, जबकि 27 जून महीने का अंतिम शनिवार होने के कारण बैंक बंद थे। इस विरोधाभास के आधार पर की गई सख्त पूछताछ में महिला ने कथित रूप से हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।























