श्रेयस अय्यर ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की
मैनचेस्टर: इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 मुकाबले में चार विकेट से हार के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन अंतिम ओवरों में मैच का रुख बदल गया। उन्होंने हार के लिए किसी एक खिलाड़ी को जिम्मेदार ठहराने से इनकार करते हुए कहा कि पूरी टीम ने बेहतर प्रयास किया।
मैच के बाद श्रेयस अय्यर ने कहा कि पिच पर दोहरी उछाल देखने को मिल रही थी और ऐसे विकेट पर 190 रन का स्कोर चुनौतीपूर्ण था। उन्होंने कहा, “मैं किसी एक खिलाड़ी को जिम्मेदार नहीं ठहराना चाहता। हम 15वें ओवर तक मुकाबले में पूरी तरह बने हुए थे। इसके बाद एक बड़ा ओवर आया और वहीं से मैच हमारी पकड़ से निकल गया।” भारतीय कप्तान ने इंग्लैंड के बल्लेबाज जैकब बेथेल की शानदार पारी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने मैच को बेहतरीन तरीके से आगे बढ़ाया। वहीं, सैम करन ने भी परिस्थितियों को जल्दी समझते हुए भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाया, जिससे इंग्लैंड को जीत की राह आसान हो गई।
श्रेयस अय्यर ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि वैभव ने निडर होकर बल्लेबाजी की और दबाव की स्थिति में भी आत्मविश्वास नहीं खोया। अय्यर के अनुसार, “वैभव ने जिस आत्मविश्वास और निर्भीकता के साथ बल्लेबाजी की, वह काबिल-ए-तारीफ है। हमें आगे के मुकाबलों में इससे भी बेहतर प्रदर्शन करना होगा।” कप्तान ने स्वीकार किया कि टीम को अच्छी तरह पता है कि मैच किस मोड़ पर हाथ से निकला, लेकिन उन्होंने किसी खिलाड़ी का नाम लेने से बचते हुए कहा कि अंतिम ओवरों में इंग्लैंड ने शानदार वापसी की और वहीं से मुकाबले का मोमेंटम पूरी तरह बदल गया।
























