ब्रजेश पाठक के आवास पर लिया गया आम का स्वाद
लखनऊ, संवाददाता : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेताओं की एक अनौपचारिक मुलाकात राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के सरकारी आवास पर आयोजित इस आत्मीय मिलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्यमंत्री पंकज चौधरी शामिल हुए।
आम के मौसम में आयोजित इस विशेष मुलाकात के दौरान नेताओं ने प्रदेश के प्रसिद्ध आमों का रसास्वादन किया और सौहार्दपूर्ण माहौल में आपसी संवाद किया। बैठक की तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं, जिससे राजनीतिक चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया। हालांकि इस बैठक का कोई औपचारिक राजनीतिक एजेंडा सामने नहीं आया है, लेकिन भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की एक साथ मौजूदगी को संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय और मजबूत संवाद का संकेत माना जा रहा है। प्रदेश में आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों के बीच इस मुलाकात को खास महत्व दिया जा रहा है।
ब्रजेश पाठक ने साझा किया संस्कृत श्लोक
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इस अवसर की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए संस्कृत का एक श्लोक भी लिखा—
“फलानां राजा आम्रं हि सर्वदा मधुरं प्रियम्।
ग्रीष्मकाले तु संप्राप्ते सर्वैः खाद्यते सादरम्।।”
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि उनके आवास पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्यमंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा अन्य गणमान्यजनों के साथ फलों के राजा “आम” का रसास्वादन करने का अवसर मिला। तस्वीरों के वायरल होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और सोशल मीडिया यूजर्स के बीच इस आत्मीय मुलाकात की चर्चा लगातार जारी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह मुलाकात संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल तथा सकारात्मक माहौल का संदेश देती है।
























