लखनऊ निवासी पेंटर की हुई पहचान
बाराबंकी, संवाददाता : सतरिख थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक माइनर से युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटनास्थल के पास खून जैसे धब्बे मिलने के बाद आशंका जताई जा रही है कि युवक की कहीं और हत्या कर शव को माइनर में फेंका गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सिकंदरपुर गांव के पास सिकंदरपुर-सहेलियां माइनर में मिले शव की पहचान राम तीरथ (42) पुत्र दयाराम, निवासी ग्राम मीसा, थाना गोसाईगंज, लखनऊ के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। वहीं घटनास्थल के आसपास रास्ते पर खून जैसे धब्बे भी मिले हैं, जिससे हत्या के बाद शव को यहां लाकर फेंके जाने की आशंका मजबूत हो रही है। परिजनों ने बताया कि राम तीरथ पेंटिंग का काम करते थे।
वह शुक्रवार रात घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह ग्रामीणों ने माइनर में शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक अपने पीछे पत्नी रामदुलारी, बेटी शिवानी और बेटे अनुराग को छोड़ गए हैं। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी मौत की वजह स्पष्ट
क्षेत्राधिकारी सदर आलोक कुमार पाठक ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव करीब दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है तथा शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।
























