सुरक्षा व्यवस्था, वीआईपी रूट और यातायात प्रबंधन की समीक्षा
प्रतापगढ़, संवाददाता : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 7 जुलाई को प्रस्तावित प्रतापगढ़ दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए शनिवार को प्रयागराज परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अजय कुमार मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर समेत अन्य अधिकारियों के साथ राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) मैदान का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आईजी ने कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने मंच स्थल, वीआईपी आगमन एवं प्रस्थान मार्ग, आमजन के प्रवेश और निकास द्वार, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था तथा यातायात संचालन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आईजी अजय कुमार मिश्रा ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और प्रत्येक व्यवस्था को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
एसपी ने भी तैयारियों का लिया जायजा
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने भी संबंधित अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, वीआईपी मूवमेंट को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए गए हैं।
समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारियों पर जोर
निरीक्षण के दौरान पुलिस बल की तैनाती, आपातकालीन व्यवस्थाओं, सुरक्षा घेराबंदी और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने तथा कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग संयुक्त रूप से सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।






















