महंत नृत्यगोपालदास बोले श्रीराम लला के मंदिर में दान चोरी से वे बेहद आहत
अयोध्या,संवाददाता: राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। इस मामले पर आज राम मंदिर ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक से पहले ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपालदास का बयान सामने आया है।
महंत नृत्यगोपालदास ने कहा कि श्रीराम लला सरकार के मंदिर में दान की चोरी की घटना से वे बेहद आहत हैं। उन्होंने कहा, “जिसने भी यह पाप किया है, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। मुझे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पूरा विश्वास है कि वे इस मामले से जुड़े हर दोषी को कानून के अनुसार सजा दिलाएंगे। यह करोड़ों हिंदुओं की आस्था का विषय है।” उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस संवेदनशील मुद्दे पर किसी भी प्रकार की राजनीतिक बयानबाजी या निजी लाभ के लिए राजनीति नहीं की जानी चाहिए।
आज ट्रस्ट की बैठक में होंगे अहम फैसले
चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा ने अपने-अपने इस्तीफे सौंप दिए थे। हालांकि, अभी तक दोनों के इस्तीफे स्वीकार नहीं किए गए हैं। आज होने वाली ट्रस्ट की बैठक में इन इस्तीफों पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार, बैठक में राम मंदिर ट्रस्ट के लिए एक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति पर भी चर्चा होने की संभावना है।
ट्रस्ट का गठन और वर्तमान स्थिति
राम मंदिर ट्रस्ट का गठन नवंबर 2019 में सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले के बाद फरवरी 2020 में किया गया था। वर्तमान में ट्रस्ट में कुल 14 सदस्य हैं। पहले सदस्यों की संख्या 15 थी, लेकिन एक सदस्य के निधन के बाद यह संख्या 14 रह गई है। ट्रस्ट की बैठक प्रत्येक तीन महीने में आयोजित की जाती है। पिछली बैठक 21 मार्च को रामनवमी की तैयारियों को लेकर हुई थी। अब सभी की निगाहें आज होने वाली बैठक पर टिकी हैं, जहां चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा के भविष्य के साथ-साथ ट्रस्ट की प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं।
























