सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में छिड़ी बहस
संवाददाता, नई दिल्ली : साल 2022 में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की अगुवाई में निकली भारत जोड़ो यात्रा उस समय देशभर में चर्चा का विषय बनी थी। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य विभिन्न राज्यों में जनसंपर्क स्थापित करना और राजनीतिक संवाद को मजबूत करना बताया गया था। कई सालों के बाद राहुल गांधी की अगुवाई वाली यह यात्रा अब एक बार फिर से सुर्खियों में आ गई है, जिसका कारण इससे जुड़ा एक चार साल पुराना सोशल मीडिया पोस्ट है।
यह पोस्ट कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके द्वारा किया गया था। दीपके ने उस समय इस यात्रा पर टिप्पणी करते हुए इसे एक ट्रैवल व्लॉग करार दिया था, जो अब अचानक सोशल मीडिया पर दोबारा चर्चा का विषय बन गया है। इस पुराने पोस्ट के दोबारा वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर एक बार फिर भारत जोड़ो यात्रा के उद्देश्यों और उसके राजनीतिक प्रभाव को लेकर बहस छिड़ गई है। जहां एक तरफ कांग्रेस समर्थक इस यात्रा को देश को जोड़ने वाला एक ऐतिहासिक कदम बता रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ आलोचक इस पुराने पोस्ट के बहाने यात्रा की गंभीरता पर सवाल उठा रहे हैं।
























