तीन महीने पहले ही हुई थी शादी, घर में पसरा मातम
लम्भुआ/सुल्तानपुर, संवाददाता : सुल्तानपुर जिले के लम्भुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत तुराबखानी (लाखीपुर) में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ लाइट का काम करते समय करंट की चपेट में आने से एक 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान दुर्गेश पुत्र मुरली, निवासी ग्राम कुबेरशाह पट्टी, थाना लम्भुआ के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

देर रात काम के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्गेश मजदूरी करने के लिए तुराबखानी गया हुआ था। रात करीब 12:00 बजे जब वह काम कर रहा था, तभी अचानक वह बिजली के चालू करंट की चपेट में आ गया। करंट का झटका इतना जोरदार था कि दुर्गेश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया।
परिजनों ने ठेकेदार पर लगाया गंभीर आरोप
इस दर्दनाक हादसे के बाद मोर्चरी हाउस के बाहर परिजनों और ग्रामीणों का भारी जमावड़ा लग गया। मृतक की बहन दीपा और जीजा रिंकू ने ठेकेदार पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि दुर्गेश से वहां जबरदस्ती लाइट का काम कराया जा रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पीड़ित परिवार ने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि मृतक दुर्गेश की शादी महज 3 महीने पहले ही हुई थी। शादी की खुशियां अभी घर में ठीक से सिमटी भी नहीं थीं कि इस हादसे ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। फिलहाल स्थानीय पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और पुलिस प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा और तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।























