लंभुआ कोतवाली के ढेलहा गांव के पास वारदात
सुलतानपुर, संवाददाता : सुलतानपुर के लंभुआ कोतवाली क्षेत्र में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों ने मजार पर दर्शन करने जा रहे एक युवक से हथियार के बल पर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया है। ढेलहा गांव के पास कोथरा-तातोमुरैनी मार्ग पर बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने युवक को रोककर पिस्टल तान दी। बदमाश पीड़ित का मोबाइल फोन, नकदी और उसकी मोटरसाइकिल की चाभी छीनकर मौके से फरार हो गए।
रास्ता रोककर सिर पर सटाई पिस्टल
पीड़ित अजहरुद्दीन (पुत्र मोहम्मद जलील), जो कि पड़ोसी जनपद प्रतापगढ़ के थाना आसपुर देवसरा अंतर्गत उदई शाहपुर के निवासी हैं, ने घटना की आपबीती सुनाई। गुरुवार देर शाम पीड़ित अमरगढ़ से शंकरपुर मजार पर दर्शन के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह ढेलहा गांव के पास पहुंचे, तभी एक ही बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने ओवरटेक कर उनका रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने तुरंत पिस्टल निकाल ली और पीड़ित के सिर पर सटाकर जान से मारने की धमकी दी।
सामने से गाड़ी आते देख भागे बदमाश
बदमाशों ने दहशत फैलाकर पीड़ित से उसका कीमती मोबाइल फोन, जेब में रखी नकदी और भाग न सके इसलिए बाइक की चाभी भी छीन ली। इसी बीच सामने से एक अज्ञात वाहन आता हुआ दिखाई दिया। रोशनी और गाड़ी की आवाज सुनकर बदमाश घबरा गए और पीड़ित को वहीं छोड़कर अपनी बाइक से तेजी से फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित ने राहगीरों की मदद से किसी तरह लंभुआ पुलिस को मामले की सूचना दी। “सूचना मिलते ही लंभुआ कोतवाली पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पीड़ित को ढाढस बंधाते हुए पुलिस ने सुबह थाने आकर लिखित तहरीर देने को कहा है। मामले में नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश की जा रही है, तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” — पुलिस सूत्र























