रोजाना होता था पति-पत्नी के बीच विवाद
हरदोई, संवाददाता : उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में कासिमपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गौरी दायमपुर गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक घरेलू विवाद के दौरान नशे की हालत में घर पहुंचे पति ने अपनी पत्नी के सिर पर सिल-बट्टे से कई वार किए, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, गांव का निवासी कुंज बिहारी दिहाड़ी मजदूरी का काम करता है। उसकी शादी वर्ष 2017 में लखनऊ में आयोजित एक सामूहिक विवाह समारोह के दौरान मोनी के साथ हुई थी। दोनों का एक बेटा भी है जिसका नाम युवराज है। परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी कुंज बिहारी अक्सर शराब के नशे में धुत होकर घर लौटता था और अपनी पत्नी के साथ गाली-गलौज व मारपीट करता था। पारिवारिक माहौल का बुरा असर बेटे पर न पड़े, इसलिए उसे पहले ही एक रिश्तेदार के साथ दिल्ली भेज दिया गया था।
घरेलू विवाद के बाद वारदात को दिया अंजाम
घटनाक्रम के अनुसार, शुक्रवार देर शाम आरोपी पति कथित तौर पर अत्यधिक नशे की हालत में घर पहुंचा। उस समय उसकी पत्नी मोनी रसोई में रात का खाना बना रही थी। आरोप है कि घर पहुंचते ही दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक मारपीट में बदल गई। इसी दौरान तैश में आकर आरोपी ने रसोई में रखे सिल-बट्टे से महिला के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने के कारण महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात की भनक लगते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही कासिमपुर थाना प्रभारी (एसएचओ) घनश्याम राम और संडीला क्षेत्राधिकारी (सीओ) संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीक निरीक्षण करते हुए वहां से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस का बयान: आरोपी की तलाश में जुटी टीमें
मामले की जानकारी देते हुए सीओ संडीला संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस इस पूरे हत्याकांड की सभी पहलुओं से गहनता से जांच कर रही है। आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।























