अमेठी। जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत सोमवार सुबह जामो थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली। गोवंशीय पशुओं के वध की सूचना पर जामो पुलिस और एसओजी टीम ने पूरे दृगपाल गांव में संयुक्त रूप से छापेमारी की। पुलिस को देखते ही एक आरोपी ने फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि पूरे दृगपाल गांव में कुछ लोग गोवंशीय पशुओं को काटने और उनके परिवहन की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और एसओजी टीम ने मौके की घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुलतानपुर जनपद के थाना बंधुआकला क्षेत्र के इमामगंज निवासी मो. मोहसिन के बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जामो ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मौके से इमामगंज निवासी मो. मोनू उर्फ असरफ तथा हसनपुर निवासी मो. आमिर को भी गिरफ्तार कर लिया। वहीं जामो थाना क्षेत्र के दतनपुर मजरा कटारी निवासी राजेश पुलिस कार्रवाई के दौरान फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



















