सुल्तानपुरः सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन परिसर स्थित नवनिर्मित यूनियन सभागार में रविवार अपराह्न उद्गार मंच, सुल्तानपुर के तत्वावधान में मासिक कवि गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन आपके द्वारा तथा अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. ओंकार नाथ द्विवेदी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ युवा कवि मनोज अग्रहरि ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर किया। जबलपुर से पधारी कवयित्री आकांक्षा सिंह मुख्य अतिथि रहीं, जिनका अध्यक्ष द्वारा सम्मान किया गया। गोष्ठी में खाक सुल्तानपुरी, तपिश सुल्तानपुरी, तरस सुल्तानपुरी, राज कपूर बागी, दयाराम अटल, अयोध्या प्रसाद त्रिपाठी, दिनेश तिवारी ‘दानिश’, विजय नाथ पाण्डेय, सत्या पंडित ‘अनजान’ तथा जानिब सुल्तानपुरी सहित अनेक साहित्यकार उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जुलाई माह में जन्मे उद्गार मंच के सक्रिय सदस्य साहित्यकार विजय नाथ पाण्डेय का अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि ने अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर सम्मान किया तथा जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। सभी उपस्थित साहित्यकारों ने भी उन्हें बधाई दी।
गोष्ठी में कवियों और कवयित्रियों ने अपनी उत्कृष्ट रचनाओं की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। अंत में सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया तथा अगली मासिक गोष्ठी तक इसे स्थगित कर दिया गया।



















