देर रात मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी

बहराइच, संवाददाता : जिले के कैसरगंज थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच तीखी मुठभेड़ हो गई। घेराबंदी के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी गौ-तस्कर ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के मुताबिक, कैसरगंज थाना प्रभारी राजकुमार पांडेय को देर रात करीब एक बजे सटीक सूचना मिली कि गौवध के मुकदमे में वांछित और लंबे समय से फरार चल रहा इनामी अपराधी हरनी गांव रोड से प्यारेपुर जाने वाले मार्ग पर मौजूद है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी, गंडारा चौकी प्रभारी और भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर इलाके की नाकाबंदी की। खुद को पुलिस से घिरा देख आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय अपने पास मौजूद अवैध .315 बोर के तमंचे से पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी के दाहिने पैर में जा लगी और वह वहीं ढेर हो गया।
अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष विक्रम सिंह और क्षेत्राधिकारी धीरेंद्र श्रीवास्तव तुरंत दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का बारीकी से जायजा लिया। पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए आरोपी की पहचान अशरफ अली (उम्र 40 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसकी गिरफ्तारी पर पुलिस द्वारा ₹25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अशरफ अली एक शातिर किस्म का अपराधी है और उसके खिलाफ विभिन्न थाना क्षेत्रों में गौकशी के 06 गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
अस्पताल में भर्ती, विधिक कार्रवाई जारी
घायल गौ-तस्कर अशरफ अली को पुलिस अभिरक्षा में तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए कैसरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है और लंबे समय से वांछित था। पुलिस टीम पर हमला करने के आरोप में उसके खिलाफ एक और मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
























