नदी किनारे झाड़ियों में मिला शव
जौनपुर, संवाददाता : उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहाँ जाफराबाद थाना क्षेत्र में रविवार (28 जून) की रात एक शादी समारोह में आई 4 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। सोमवार की सुबह बालिका का शव घर से कुछ दूरी पर नदी किनारे सरपत की झाड़ियों में बरामद हुआ। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल है।
शादी के माहौल में पसरा मातम
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। रविवार की रात अचानक 4 वर्षीय मासूम संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजन और रिश्तेदार रातभर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। सोमवार की सुबह जब कुछ ग्रामीणों की नजर नदी किनारे सरपत की झाड़ियों में पड़ी, तो वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। झाड़ियों में मासूम का शव लहूलुहान हालत में पड़ा था। ग्रामीणों के शोर मचाने पर परिजन और भारी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे। अपनी लाडली का शव देखकर माता-पिता चीख-पुकार करने लगे, जिससे वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।
मौके पर पहुंचे डीएम और एसपी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिलाधिकारी (डीएम) पाल एन और पुलिस अधीक्षक (एसपी) कुंवर अनुपम सिंह भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। एसपी कुंवर अनुपम सिंह का बयान: “घटना के खुलासे और आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई विशेष टीमों का गठन कर दिया गया है। जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। कानून के तहत अपराधी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।”
पुलिस की कार्रवाई और जांच
स्थानीय पुलिस ने बताया कि सोमवार सुबह थाना जाफराबाद में सूचना मिली थी कि एक 4 वर्षीय बालिका गायब है। पुलिस और परिजनों द्वारा संयुक्त रूप से की गई खोजबीन के दौरान बालिका का शव मृत अवस्था में बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला दुष्कर्म के बाद हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है। परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग (मुकदमा) पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस की टीमें विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही हैं और घटना के शीघ्र अनावरण के लिए विधिक कार्रवाई का क्रम जारी है।






















