बोले—बाबरी मस्जिद चंदे और मदरसों की फंडिंग पर विपक्ष क्यों नहीं उठाता सवाल
मिर्जापुर, संवाददाता : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर सनातन धर्म को बदनाम करने की साजिश रचने का आरोप लगाया। मुजेहरा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि विपक्ष तुष्टीकरण की राजनीति कर रहा है और अयोध्या की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बाबरी मस्जिद के लिए चंदा जुटाया गया, लेकिन किसी ने यह नहीं पूछा कि वह पैसा कहां से आया और उसका उपयोग कहां हुआ। इसी तरह उन्होंने मदरसों की फंडिंग पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यह जांच होनी चाहिए कि उनके संचालन के लिए धन कहां से आ रहा है और कहीं टेरर फंडिंग तो नहीं हो रही। ब्रजेश पाठक ने कहा कि अखिलेश यादव से पूछा जाना चाहिए कि उन्होंने बाबरी मस्जिद के चंदे और मदरसों की फंडिंग को लेकर कभी कोई सवाल क्यों नहीं उठाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संभल में एक मंदिर पर कब्जा कर उसे घर में मिला लिया गया, लेकिन विपक्ष ने इस पर भी चुप्पी साधे रखी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। अयोध्या से जुड़े मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है और पुलिस अपना काम पूरी निष्पक्षता से कर रही है। उन्होंने कहा कि मिर्जापुर भाजपा की प्राथमिकताओं में शामिल है। विंध्याचल धाम के विकास कार्यों के कारण अब प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु आसानी से मां विंध्यवासिनी के दर्शन कर पा रहे हैं। इससे पहले उपमुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर मुजेहरा में उतरा। वहां से वे सड़क मार्ग से विंध्याचल पहुंचे। दर्शन-पूजन के बाद वापस लौटकर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की और प्रबुद्धजनों के साथ संवाद भी किया। इस दौरान नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष लालबहादुर सरोज समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।






















