वारदात के बाद आरोपी पीड़िता को उसके घर के बाहर छोड़कर फरार हो गया था
प्रयागराज, संवाददाता: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के पुरामुफ़्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत पवन पुर गांव से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग लड़की को उसके घर से उठाकर ले जाने, दुष्कर्म करने और विरोध करने पर सिगरेट से दागने के आरोपी युवक मुशर्रफ को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से एक तमंचा और कारतूस बरामद किया है।
विधायक के हस्तक्षेप पर दर्ज हुआ मुकदमा
यह वारदात बीती 14 जून की बताई जा रही है। आरोप है कि मुशर्रफ नामक युवक नाबालिग लड़की को जबरन उठा ले गया, जहां उसने इस घिनौने कृत्य को अंजाम दिया। आरोपी ने पीड़िता को धमकी भी दी और उसके शरीर को सिगरेट से दागा। वारदात के बाद आरोपी पीड़िता को उसके घर के बाहर छोड़कर फरार हो गया था। पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन्होंने तुरंत स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने शुरुआत में मुकदमा दर्ज नहीं किया।
मामले की जानकारी जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह को हुई, तो उन्होंने तत्काल संज्ञान लिया। विधायक ने पीड़ित परिवार की मौजूदगी में ही पुरामुफ़्ती थाना प्रभारी को कड़ी फटकार लगाई और आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी के निर्देश दिए। सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कड़े शब्दों में इंस्पेक्टर से कहा कि याद रखिए यह योगी सरकार है; आरोपी चाहे अशरफ हो या अकबर, सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। जब सरकार ने अतीक अहमद जैसे माफिया को नहीं छोड़ा, तो यह अपराधी कौन सी खेत की मूली है।
पुलिस घेराबंदी और क्रास फायरिंग में आरोपी घायल
विधायक के कड़े रुख के बाद पुरामुफ़्ती थाना पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने मुख्य आरोपी मुशर्रफ समेत तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी पुरामुफ़्ती इलाके के ही एक गांव में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने जब मौके पर पहुंचकर आरोपी को चारों तरफ से घेरा, तो उसने आत्मसमर्पण करने के बजाय अपने पास मौजूद तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग (क्रास फायरिंग) में आरोपी मुशर्रफ के दोनों पैरों में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।























