थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट रघु के छुए पैर
नई दिल्ली,संवाददाता : हर युवा क्रिकेटर का एक ही सपना होता है—एक दिन नीली जर्सी पहनकर देश के लिए खेलना। महज़ 15 साल के युवा बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी के लिए यह सपना अब हकीकत में बदल चुका है। आयरलैंड के खिलाफ आगामी T20I सीरीज़ के आगाज़ से पहले जब पहली बार वैभव के हाथ में टीम इंडिया की जर्सी आई, तो उनकी खुशी और भावनाएं देखने लायक थीं।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने आज (23 जून) अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक बेहद भावुक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वैभव पहली बार भारत की जर्सी पहनते नजर आ रहे हैं। यह पल इस युवा खिलाड़ी के लिए इतना खास था कि कुछ देर तक वह अपने आंसू और भावनाएं रोक नहीं पाए।
“ऐसा लगा जैसे कोई सपना सच हो गया”
टीम इंडिया की किट और जर्सी मिलने के बाद अपनी खुशी जाहिर करते हुए वैभव ने कहा: “इस एहसास को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। जिस वजह से मैंने बचपन में पहली बार बल्ला उठाया था और कड़ा अभ्यास शुरू किया था, आज वह सपना सच हो गया है। सच कहूं तो जब मैंने जर्सी देखी, तो मेरे चेहरे पर अपने आप मुस्कान आ गई। कभी-कभी आपके साथ कुछ ऐसा होता है जिसके बारे में आपने कभी सोचा भी नहीं होता। जब वो पल आता है, तो आपको समझ नहीं आता कि कैसे रिएक्ट करें। मेरे साथ भी ऐसा ही हुआ।”
होटल के कमरे में भावुक पल
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड द्वारा जारी किए गए वीडियो में एक बेहद दिल छू लेने वाला नजारा देखने को मिला। जब टीम इंडिया के मशहूर थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट रघु वैभव के होटल के कमरे में जर्सी लेकर पहुंचे, तो दरवाजा खुलते ही वैभव ने सबसे पहले सीनियरिटी का सम्मान करते हुए रघु के पैर छुए और उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद जैसे ही उन्होंने जर्सी का बॉक्स खोला और भारत की नीली जर्सी को अपने हाथों में लिया, वह कुछ पल के लिए स्तब्ध रह गए और बस उसे निहारते रहे। अब सभी क्रिकेट प्रेमियों और दिग्गजों की नजरें आयरलैंड दौरे पर टिकी हैं, जहां यह 15 साल का स्टार बल्लेबाज अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की तरफ से अपना डेब्यू करने के लिए पूरी तरह तैयार है।






















